फ्लैगशिप योजनाओं के लिए टेक्नोलॉजी पर जोर: मुख्य सचिव विकासशील बोले—आईटी से तेज होगी सेवा

रायपुर, 24 अप्रैल 2026/मुख्य सचिव विकासशील ने कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि शासन की सभी योजनाओं का अधिकतम फायदा लोगों को शीघ्र मिले इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी की सभी जरूरी नई तकनीकों का उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि सूचना और संचार संस्थान अपने कार्यक्रम मोबाइल ऐप, वेबसाइट आदि को नागरिक केन्द्रित और आसानी से उपयोग करने योग्य बनाएं। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग नागरिक सेवाओं के लिए करने एवं शासन की फ्लैगशिप स्कीमों का फायदा हितग्राहियों तक शीघ्र पहुंचाने के लिए विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
मुख्य सचिव विकासशील ने आज मंत्रालय महानदी भवन में उभरती नवीन सूचना प्रौद्योगिकियों पर आधारित एक दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया।
मुख्य सचिव ने कहा कि एनआईसी के अधिकारियों को नई आईटी तकनीकों से हमेशा अपडेट रहना चाहिए। नई सूचना तकनीक से शासन की योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक तेजी से पहुंचाया जाना चाहिए। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद ने राज्य स्तरीय सूचना केन्द्र एवं जिला सूचना विज्ञान केन्द्रों के अधिकारियों से उपलब्ध संसाधनों और जरूरतों की जानकारी ली।
कार्यक्रम के शुभारंभ सत्र में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र (NIC) मुख्यालय नई दिल्ली के डीडीजी दयानंद साहा ने कहा कि विभिन्न नवीन सूचना प्रौद्योगिकियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं के जरिए नागरिकों को बेहतर सेवाएं दी जा सकती हैं।
कार्यशाला में ट्रिपल आईटी के संचालक एवं कुलपति प्रो. डॉ. ओम प्रकाश व्यास ने एआई (AI) के उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी।
एनआईसी छत्तीसगढ़ के संयुक्त संचालक श्रीकांत पाण्डे ने साइबर सुरक्षा, संयुक्त संचालक अभिजीत कौशिक, उपेन्द्र सिंह सहित अन्य आईटी विशेषज्ञों ने भी संबोधित किया।
कार्यशाला में जिलों से आए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, राज्य स्तरीय सूचना विज्ञान केन्द्र के अधिकारी तथा एनआईसी के विभिन्न स्तरों के अधिकारी शामिल हुए।



