बेंगलुरु में शपथ ग्रहण: डीके शिवकुमार बनेंगे कर्नाटक के 24वें मुख्यमंत्री, कांग्रेस में नई कैबिनेट तैयार

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में आज बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार आज राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह शाम 4 बजे बेंगलुरु के लोक भवन में आयोजित किया जाएगा।
डीके शिवकुमार को 30 मई को हुई कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक में नेता चुना गया था, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया था। उनके शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी रहेगी, जिसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल होंगे।
सूत्रों के अनुसार, शिवकुमार के साथ करीब 13 मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। नई कैबिनेट में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ कुछ नए चेहरों को भी जगह दी गई है। जातीय और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल का गठन किया गया है।
उपमुख्यमंत्री पद के लिए जी परमेश्वर का नाम लगभग तय माना जा रहा है। वहीं लिंगायत समुदाय से आने वाले एमबी पाटिल और ईश्वर खंड्रे को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है। दलित, ओबीसी, वोक्कालिगा और अल्पसंख्यक समुदायों के प्रतिनिधित्व को भी संतुलित रखने की कोशिश की गई है।
शपथ से पहले डीके शिवकुमार ने कहा कि यह सिर्फ सत्ता का अवसर नहीं है, बल्कि लंबे संघर्ष और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कठिन समय में भी पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहकर काम किया है।
इधर कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को नई जिम्मेदारी दी है। उन्हें कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) का सदस्य नियुक्त किया गया है। पार्टी के अनुसार यह नियुक्ति तुरंत प्रभाव से लागू होगी। CWC कांग्रेस की सबसे महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाली इकाई मानी जाती है।
कुल मिलाकर कर्नाटक में आज कांग्रेस नेतृत्व के नए युग की शुरुआत मानी जा रही है, जहां डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे और सिद्धारमैया राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में नई भूमिका निभाएंगे।



