कर्ज में डूबे युवक ने घर में छापे नकली नोट: कांकेर बस स्टैंड से गिरफ्तारी, 6.5 लाख की फेक करेंसी जब्त

कांकेर, 15 मई 2026// छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नकली नोटों के बड़े खेल का पुलिस ने खुलासा किया है। कर्ज के बोझ तले दबे एक युवक ने रातों-रात अमीर बनने के लिए घर में ही नकली नोट छापने का धंधा शुरू कर दिया। आरोपी 500-500 रुपए के नकली नोट बाजार में खपाने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति बड़ी मात्रा में नकली नोट लेकर उन्हें बाजार में चलाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नए बस स्टैंड इलाके में घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 6 लाख 50 हजार रुपए के 500-500 के नकली नोट बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह कर्ज चुकाने के लिए अपने घर में ही नकली नोट छापता था। पुलिस को शक है कि इस फर्जीवाड़े में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नकली नोट कहां-कहां खपाए गए और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।



