
रायपुर, 06 मई 2026। राजधानी रायपुर से लगे खरोरा इलाके में मंगलवार देर शाम बड़ी लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। तिल्दाडीह स्थित ज्वेलर्स की दुकान से लौट रहे मैनेजर पर बाइक सवार बदमाशों ने घात लगाकर हमला कर दिया और करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, ज्वेलर्स मैनेजर विनीत सोनी दुकान बंद कर खरोरा लौट रहे थे, तभी 2 से 3 अज्ञात बदमाशों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने तलवार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और उनके पास मौजूद गहनों से भरा बैग छीन लिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मैनेजर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और बदमाशों की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।



