
रायपुर। छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) जल्द अपना आईपीओ (IPO) लाने की तैयारी में है। यदि यह योजना साकार होती है, तो कंपनी शेयर बाजार में ट्रेड होने वाली प्रदेश की पहली सरकारी कंपनी बन जाएगी। आईपीओ के जरिए कंपनी आम निवेशकों से पूंजी जुटाएगी और अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा जनता के लिए उपलब्ध कराएगी।
जानकारी के अनुसार, कंपनी स्तर पर इस प्रस्ताव को लेकर उच्च स्तरीय चर्चा चल रही है। आईपीओ के बाद CSPTCL के शेयर स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध होंगे, जिससे निवेशक उनकी खरीद-बिक्री कर सकेंगे। कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर शेयरों की कीमत में उतार-चढ़ाव होगा और मार्केट कैपिटलाइजेशन में भी वृद्धि की संभावना रहेगी।
इससे पहले छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी बॉन्ड जारी कर निवेशकों से पूंजी जुटा चुकी है। वर्ष 2014-15 और 2015-16 में कंपनी ने बॉन्ड के माध्यम से फंड एकत्र किए थे। अब ट्रांसमिशन कंपनी भी पूंजी जुटाने के लिए IPO का रास्ता अपनाने पर विचार कर रही है।
CSPTCL के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि देश के कई राज्यों की सरकारी बिजली कंपनियां पहले से ही IPO के माध्यम से आम लोगों से निवेश प्राप्त कर रही हैं। केंद्र सरकार की कई ऊर्जा कंपनियां भी शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि CSPTCL के IPO को लेकर शासन स्तर पर चर्चा जारी है और अंतिम निर्णय सरकार द्वारा लिया जाएगा।
IPO के जरिए सूचीबद्ध होने से कंपनी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही निवेशकों का दायरा बढ़ेगा और आम नागरिक भी कंपनी के हिस्सेदार बन सकेंगे। भविष्य में कंपनी के लाभ में वृद्धि होने पर शेयरधारकों को डिविडेंड का लाभ भी मिल सकता है।



