छत्तीसगढ़रायपुर
Trending

राजधानी में लिफ्ट सुरक्षा पर संकट: IAS की पत्नी पिथालिया में फंसी, पहले करेंसी टॉवर में भी हो चुका है बड़ा हादसा

रायपुर। राजधानी रायपुर में कमर्शियल बिल्डिंग्स की लिफ्ट सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। करेंसी टॉवर की घटना के बाद अब फाफाडीह स्थित पिथालिया कॉम्प्लेक्स में एक IAS अधिकारी की पत्नी लिफ्ट में फंस गईं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, IAS अधिकारी सिद्धार्थ कोमल परदेशी की पत्नी गार्गी परदेशी गुरुवार सुबह करीब 8 बजे जिम जाने के लिए लिफ्ट से जा रही थीं। इसी दौरान अचानक लिफ्ट तकनीकी खराबी के कारण बीच में रुक गई और वे अंदर फंस गईं। कुछ समय तक अंदर फंसे रहने से वे घबरा गईं।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्यों और नगर निगम को जानकारी दी गई। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन क्रमांक-2 की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

हालांकि, मुख्य विद्युत निरीक्षक सुरेश कुमार नेताम ने कहा कि उन्हें इस घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है, लेकिन यदि ऐसा हुआ है तो संबंधित लिफ्ट की सुरक्षा और संचालन की जांच कराई जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले 20 अप्रैल को करेंसी टॉवर में वरिष्ठ IAS अधिकारी ऋचा शर्मा भी लिफ्ट में फंस गई थीं। उस दौरान लिफ्ट में न पर्याप्त रोशनी थी, न वेंटिलेशन और न ही इमरजेंसी अलार्म की सुविधा, जिससे उन्हें करीब 20 मिनट तक अंदर फंसे रहना पड़ा था।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने शहर की बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस दिशा में क्या ठोस कदम उठाता है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button