छत्तीसगढ़
Trending

उपचुनाव ड्यूटी से लौट रहे आरक्षक की सड़क हादसे में मौत: कवर्धा में दो बाइकों की भिड़ंत, 2 घायल अस्पताल में भर्ती

कवर्धा, 21 मई 2026// कवर्धा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल पुलिस आरक्षक रुपेश राजपूत की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में एक अन्य पुलिसकर्मी समेत दो लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। मामला लोहारा थाना क्षेत्र का है, जहां दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई थी।

जानकारी के मुताबिक आरक्षक रुपेश राजपूत डीएसबी शाखा में पदस्थ थे। सोमवार को वे साथी आरक्षक रेखूराम धुर्वे के साथ लोहारा नगर पंचायत उपचुनाव से जुड़ी जानकारी जुटाने ड्यूटी पर गए थे। ड्यूटी खत्म होने के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लोहारा नगर पंचायत सीमा के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक सवार युवक को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में आरक्षक रुपेश राजपूत को रायपुर के निजी अस्पताल रेफर किया गया था।

तीन दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद गुरुवार को आरक्षक रुपेश राजपूत ने दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में घायल अन्य दो लोगों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि दो दिन पहले दो बाइकों की भिड़ंत में तीन लोग घायल हुए थे, जिनमें एक पुलिस जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button