राष्ट्रीय
Trending

CJI विवाद के बाद बनी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने मचाया तहलका, 6 दिन में 1.1 करोड़ फॉलोअर्स के साथ BJP को पछाड़ा

नई दिल्ली, 21 मई 2026// देश में इन दिनों सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” (CJP) नाम का डिजिटल कैंपेन जबरदस्त सुर्खियों में है। व्यंग्य और मीम्स के जरिए शुरू हुआ यह इंस्टाग्राम अकाउंट देखते ही देखते युवाओं के बीच वायरल हो गया। महज 6 दिनों में इसके फॉलोअर्स 1.1 करोड़ के पार पहुंच गए, जिससे इसने सोशल मीडिया पर भाजपा और कांग्रेस जैसे बड़े राजनीतिक दलों को भी पीछे छोड़ दिया।

दरअसल, 15 मई को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने एक सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं की तुलना “कॉकरोच” से की है। हालांकि अगले ही दिन CJI ने इस बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी युवाओं के लिए नहीं, बल्कि फर्जी डिग्री लेकर सिस्टम में घुसपैठ करने वाले लोगों के संदर्भ में थी।

इसी विवाद के बाद सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम से एक डिजिटल सटायर अभियान शुरू हुआ। इसे महाराष्ट्र के 30 वर्षीय अभिजीत डिपके ने बनाया, जो पहले आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम के साथ वॉलंटियर के रूप में काम कर चुके हैं। वर्तमान में वह अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशंस की पढ़ाई कर रहे हैं।

“कॉकरोच जनता पार्टी” खुद को “आलसी और बेरोजगारों की आवाज” बताती है। पार्टी का नारा “सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी” रखा गया है। सोशल मीडिया पर इसके मजेदार मीम्स, बेरोजगारी पर कटाक्ष और सिस्टम पर व्यंग्यात्मक पोस्ट युवाओं को तेजी से आकर्षित कर रहे हैं।

पार्टी की सदस्यता के लिए भी मजाकिया अंदाज में चार योग्यताएं बताई गई हैं— बेरोजगार होना, आलसी रहना, ऑनलाइन रहने की आदत और प्रोफेशनली भड़ास निकालने की क्षमता। यही वजह है कि कुछ ही दिनों में लाखों युवा इससे जुड़ गए।

हालांकि “कॉकरोच जनता पार्टी” कोई आधिकारिक राजनीतिक दल नहीं है और न ही इसे चुनाव आयोग से मान्यता मिली है। यह पूरी तरह एक ऑनलाइन सटायर ग्रुप है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता ने यह जरूर दिखा दिया है कि बेरोजगारी और सिस्टम को लेकर युवाओं में नाराजगी कितनी गहरी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button