CJI ने CJP पर तुरंत सुनवाई से किया इनकार: बोले- इतना भावुक मत हो, न्यायपालिका की छवि खराब करने के आरोपों की बाद में होगी जांच

नई दिल्ली, 25 मई 2026। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के खिलाफ दायर जनहित याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने याचिकाकर्ता से कहा कि मामले को “इतनी भावुकता” से लेने की जरूरत नहीं है और अदालत आगे इस पर विचार करेगी।
याचिका में आरोप लगाया गया था कि सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे “कॉकरोच जनता पार्टी” अभियान के जरिए न्यायपालिका की छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही मुख्य न्यायाधीश के “कॉकरोच” वाले बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर दुर्भावनापूर्ण नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया गया।
वकील एनके गोस्वामी ने CJI से जल्द सुनवाई की मांग करते हुए कहा कि यह अभियान न्यायपालिका की गरिमा को नुकसान पहुंचा रहा है। इस पर कोर्ट ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई अत्यावश्यक मामला नहीं है, जिसमें तुरंत आदेश पारित करने की जरूरत पड़े।
याचिका में कोर्टरूम के अंदर जजों और वकीलों की बहस के व्यावसायिक इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग भी की गई है। इसके अलावा फर्जी वकालत डिग्री मामलों और CJP अभियान की गतिविधियों की सीबीआई जांच कराने की मांग रखी गई।
दरअसल पूरा विवाद उस टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था, जिसमें CJI सूर्यकांत ने कानूनी पेशे में फर्जी डिग्री लेकर आने वाले लोगों पर टिप्पणी की थी। बाद में उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनके बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया और उनका उद्देश्य केवल न्याय व्यवस्था की गरिमा बनाए रखने को लेकर चेतावनी देना था।



