छत्तीसगढ़
Trending

राष्ट्रीय सुरक्षा पर एकजुट हुआ छत्तीसगढ़ : रायपुर में निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा — मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले: ऑपरेशन सिंदूर दुश्मनों को करारा जवाब

रायपुर, 14 मई 2025। राजधानी रायपुर में मंगलवार को तिरंगा यात्रा के रूप में देशभक्ति का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हजारों नागरिक हाथों में तिरंगा लिए सड़कों पर उतरे और राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा के समर्थन में गगनभेदी नारों के साथ देश को एकजुटता का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने मरीन ड्राइव से नगर घड़ी चौक तक निकली तिरंगा यात्रा में शामिल होकर कहा, “राष्ट्र की सुरक्षा सर्वोपरि है, जब भी देश की बात होगी, हम सब एकजुट खड़े मिलेंगे। ऑपरेशन सिंदूर हमारी सेना की ताकत और सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक है। भारत अब झुकता नहीं, आंखों में आंखें डालकर जवाब देता है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंक के 9 ठिकानों को नेस्तनाबूद किया। यह नया भारत है जो आतंकवाद के हर चेहरे को उजागर कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि “ऑपरेशन सिंदूर बंद नहीं हुआ है, केवल स्थगित है। अगर जरूरत पड़ी तो फिर से कार्रवाई होगी।” उन्होंने अफवाहों से सतर्क रहने और सेना व सरकार पर विश्वास बनाए रखने की अपील की।

इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में सभी वर्गों के लोग, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, महिलाओं से लेकर सेवानिवृत्त सैनिकों तक बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन में लगभग 10 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी रही, जिन्होंने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से रायपुर की फिजा को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

नेताओं के तीखे शब्द, सीधी चेतावनी

लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा सिर्फ एक शो नहीं, बल्कि देश के लिए जनता की भावनाओं का प्रदर्शन है। “मोदी जी के नेतृत्व में भारत अब कमजोर नहीं, बल्कि निर्णायक और जवाबी कार्रवाई करने वाला देश है।”

विधायक किरण देव ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर देश के लिए अपना सब कुछ खो चुकी माताओं और बहनों को सच्ची श्रद्धांजलि है।”

कार्यक्रम के संयोजक संजय श्रीवास्तव ने कहा कि देश के 140 करोड़ लोग एक स्वर में कह रहे हैं — हम सब सेना के साथ हैं।

राजनीतिक और प्रशासनिक नेतृत्व की उपस्थिति

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, महापौर मीनल चौबे सहित कई विधायक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button