छत्तीसगढ़

बलौदा बाजार में बस में चैन स्नैचिंग: कंडक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए यात्रियों समेत बस थाने पहुंचाई, संदिग्धों से पूछताछ जारी

बलौदा बाजार, 14 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में एक चलती बस में चैन स्नैचिंग का मामला सामने आया है, जहां कंडक्टर की तत्परता से बस को सीधे थाने ले जाकर जांच शुरू कराई गई। घटना भाटापारा से बलौदा बाजार आ रही राधेश्याम बस सर्विस की बस में हुई।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला टाकेश्वरी साहू भाटापारा से अपने मायके ग्राम रवान जाने के लिए बस में सवार हुई थी। जैसे ही वह अपने गंतव्य पर उतरने लगी, उसे एहसास हुआ कि उसके गले से सोने की चैन गायब है। इसके बाद महिला ने तुरंत कंडक्टर दीपक ठाकुर को इसकी जानकारी दी।

महिला की शिकायत मिलते ही कंडक्टर ने बिना देर किए पूरी बस को यात्रियों समेत सीधे कोतवाली थाना पहुंचा दिया और पुलिस को सूचना दी। कंडक्टर की इस जिम्मेदारी और सतर्कता की सराहना की जा रही है।

थाने में पुलिस ने बस में सवार सभी यात्रियों की जांच शुरू कर दी है। यात्रियों के नाम-पते दर्ज किए जा रहे हैं, वहीं कुछ संदिग्ध महिलाओं से गहन पूछताछ की जा रही है।

कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केंवट के अनुसार, महिला की शिकायत पर मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

इस घटना के बाद यात्रियों में हड़कंप का माहौल है, वहीं पुलिस ने लोगों से सफर के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button