छत्तीसगढ़

CG Weather Alert: बारिश का कहर, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी – रायपुर, दुर्ग, बस्तर में भारी बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ में मानसून से पहले ही बारिश का असर, कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले ही मौसम ने करवट ले ली है। बीते 24 घंटों में रायपुर, बस्तर समेत कई इलाकों में बारिश हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। नौपता के दूसरे दिन भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ठंडी हवाओं ने गर्मी का असर लगभग खत्म कर दिया। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियों के बने रहने की संभावना जताई है। साथ ही कई इलाकों में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश में मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को बिलासपुर में सबसे अधिक तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दुर्ग में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

मानसून की चाल और दबाव तंत्र सक्रिय
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। अगले तीन दिनों में यह महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों तक पहुंच सकता है। मराठवाड़ा और उससे सटे क्षेत्रों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो मध्य क्षोभमंडल तक फैला हुआ है। पूर्व-मध्य अरब सागर में भी एक और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिससे प्रदेश में बारिश की संभावना बढ़ गई है।

आज का अलर्ट: तेज गर्जना, अंधड़ और भारी बारिश की आशंका
राज्य के कई हिस्सों में आज गरज-चमक, हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना है। खासकर बस्तर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिले
कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और दुर्ग जिलों में आंधी (40–60 किमी प्रति घंटा), बिजली गिरने और तेज बारिश की आशंका है। इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

येलो अलर्ट वाले जिले
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, बेमेतरा और कबीरधाम सहित 16 जिलों में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

– छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट डेस्क

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button