छत्तीसगढ़

CG मौसम अलर्ट: द्रोणिका और पश्चिमी विक्षोभ के असर से बढ़ेगी नमी, गरज-चमक, अंधड़ और ओलावृष्टि का अलर्ट, तापमान में आएगी गिरावट

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 2 और 3 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक, तेज अंधड़ और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मौसम में यह बदलाव दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से लेकर उत्तर केरल तक फैली उत्तर-दक्षिण द्रोणिका और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हो रहा है। बंगाल की खाड़ी से प्रदेश में प्रचुर मात्रा में नमी प्रवेश कर रही है, जिससे वातावरण में तेजी से बदलाव आ रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार द्रोणिका करीब 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक सक्रिय है, जिससे मौसमी गतिविधियों में तेजी आ रही है। मौसम विभाग ने बताया कि 2 मई को रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा, बस्तर और रायगढ़ संभागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा या छींटे पड़ सकते हैं। एक-दो जगहों पर तेज अंधड़, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका है।

इन गतिविधियों के कारण प्रदेश के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। अधिकतम तापमान 36°C से 39°C और न्यूनतम तापमान 22°C से 25°C के बीच रह सकता है। दिन के तापमान में गिरावट से गर्मी से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन मौसम की तीव्रता को देखते हुए सतर्कता जरूरी है।

मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम अपडेट पर नजर रखें और तेज अंधड़ व वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button