CG BREAKING : प्रशिक्षण कार्यक्रम के बीच गिरे रूपनारायण सिन्हा: अस्पताल में चली जंग, नहीं बच सके योग आयोग के अध्यक्ष

बिलासपुर, 26 मई 2026। छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का मंगलवार को निधन हो गया। वे बिलासपुर में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
जानकारी के मुताबिक, रूपनारायण सिन्हा भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम में बतौर प्रशिक्षण प्रभारी मौजूद थे। कार्यक्रम के बीच अचानक उन्हें बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की टीम ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
रूपनारायण सिन्हा छत्तीसगढ़ भाजपा के सक्रिय और वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे। उन्हें जनवरी 2025 में छत्तीसगढ़ योग आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इस पद के साथ उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी प्राप्त था। योग, स्वास्थ्य जागरूकता और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ नेता नारायण चंदेल समेत कई पदाधिकारी सिम्स अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उनकी स्थिति की जानकारी ली। रूपनारायण सिन्हा के निधन की खबर सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि प्रशिक्षण शिविर में पार्टी संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण सत्र चल रहे थे और प्रदेशभर से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए थे। अचानक हुई इस घटना से पूरा आयोजन शोक में बदल गया और कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ता स्तब्ध नजर आए।



