
जांजगीर-चांपा। जिले में सोमवार देर रात नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तिलई रोड स्थित चिंटू ढाबा के पास कार और मेटाडोर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार में पीछे बैठे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान नागपुर निवासी गोपाल ठाकुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सभी लोग केटरिंग के काम से संबलपुर गए थे और वहां से मारुति स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर रायगढ़ होते हुए रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
कार में सवार अन्य लोगों में महेश तातेवत, धर्मेंद्र कुर्मी और प्रवीण साखरे शामिल थे, जिन्हें चोटें आई हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



