CBSE 12वीं रिजल्ट जारी: 85.20% छात्र पास, लड़कियों ने फिर मारी बाजी; 16 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स का इंतजार खत्म

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बुधवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। इस बार कुल 85.20% छात्र-छात्राएं परीक्षा में सफल हुए हैं। बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए लड़कों से 6.73% अधिक सफलता हासिल की है।
सीबीएसई के अनुसार इस वर्ष 15 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की है। वहीं 1,63,800 छात्रों को कंपार्टमेंट श्रेणी में रखा गया है। पिछले साल की तुलना में इस बार रिजल्ट प्रतिशत में गिरावट दर्ज की गई है।
बोर्ड ने बताया कि छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट, डिजीलॉकर, उमंग ऐप, SMS और IVRS के जरिए भी चेक कर सकते हैं। इस बार पहली बार ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम को अनिवार्य रूप से लागू किया गया।
सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को पास होने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 33% अंक लाना जरूरी है। एक या दो विषयों में असफल छात्र कंपार्टमेंट परीक्षा देकर इसी साल अपना रिजल्ट सुधार सकेंगे।



