धमतरी में CAF जवान ने की आत्महत्या : घर में फांसी पर लटका मिला शव; चुनाव ड्यूटी से लौटा था वापस

धमतरी, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
मामला शहर की पिंक सिटी कॉलोनी का है, जहां जवान जागेश्वर प्रसाद का शव उसके किराए के मकान में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। वह मूल रूप से भटगांव का निवासी बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
चुनाव ड्यूटी से लौटा था जवान
जानकारी के अनुसार, जागेश्वर प्रसाद सूरजपुर में पदस्थ था और हाल ही में वह बंगाल और असम चुनाव ड्यूटी से लौटकर घर आया था।
शराब की लत और घरेलू विवाद की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जवान को शराब पीने की आदत थी। परिजनों द्वारा मना किए जाने पर घर में विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया हो सकता है।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। परिजनों और पड़ोसियों से भी पूछताछ जारी है।
इस घटना से पुलिस विभाग और स्थानीय क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।


