ब्रेकिंग न्यूज : ‘सीजी का सुशासन तिहार’ सोशल मीडिया पर दूसरे नंबर पर ट्रेंडिंग, आज से तीसरा चरण शुरू

रायपुर, 5 मई 2025। छत्तीसगढ़ में सुशासन की अनोखी पहल ‘सीजी का सुशासन तिहार’ अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी बड़ी चर्चा का विषय बन गई है। सोशल मीडिया साइट एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर #सीजीकासुशासन हैशटैग के साथ यह अभियान देशभर में ट्रेंडिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। इस मुहिम को प्रदेश के नागरिकों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों से जोरदार समर्थन मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि आज से सुशासन तिहार का तीसरा चरण प्रारंभ हो रहा है, जो आगामी 31 मई तक चलेगा। इस चरण की खास बात यह है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं प्रदेश के विभिन्न गांवों का आकस्मिक दौरा करेंगे। ये दौरे पूरी तरह गोपनीय रहेंगे और मुख्यमंत्री बिना किसी पूर्व घोषणा के सीधे गांवों में पहुंचकर आम जनता से संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री समाधान शिविरों में भी शिरकत करेंगे, जहां वे योजनाओं की जमीनी हकीकत का फीडबैक लेंगे। सरकार का उद्देश्य है कि योजनाओं का लाभ हर पात्र नागरिक तक सही समय पर पहुंचे और प्रशासनिक पारदर्शिता बनी रहे।
जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तीसरे चरण में जनसुनवाई, निरीक्षण और फीडबैक पर खास जोर दिया जाएगा। हर जिले और ब्लॉक में स्थानीय प्रशासन जनता की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित समाधान करेगा।
सुशासन तिहार की यह पहल न सिर्फ प्रदेश में प्रशासनिक सुधार का प्रतीक बन रही है, बल्कि अब राष्ट्रीय स्तर पर डिजिटल मंचों पर भी छत्तीसगढ़ के सुशासन मॉडल की सकारात्मक पहचान बन चुकी है।



