छत्तीसगढ़रायपुर
Trending

BREAKING: नकटी में अवैध कब्जों पर एक्शन शुरू, भारी पुलिस बल के बीच गरजा बुलडोजर, ग्रामीणों ने खोला विरोध का मोर्चा

रायपुर, 29 जून 2026। राजधानी रायपुर से सटे माना क्षेत्र के ग्राम नकटी में सोमवार सुबह प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी बेदखली कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों के विरोध की आशंका के चलते इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आधी रात से ही जेसीबी मशीनों और प्रशासनिक अमले ने मोर्चा संभाल लिया था।

जानकारी के अनुसार, ग्राम नकटी के वार्ड क्रमांक 16 और 17 में सरकारी जमीन पर बने 48 मकानों को हटाने के लिए राजस्व विभाग ने पहले ही बेदखली नोटिस जारी किया था। सोमवार को प्रशासन ने इन अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब एक हजार पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि संबंधित जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जा किया गया था, जिसे हटाने के लिए नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब बेदखली की कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए दावा किया कि वे लंबे समय से इस जमीन पर रह रहे हैं। उनका कहना है कि कई मकान प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत बनाए गए हैं, इसलिए उन्हें हटाना उचित नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई रोकने और पुनर्विचार की मांग की है।

फिलहाल गांव में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और सुरक्षा व्यवस्था के बीच बेदखली अभियान जारी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button