बिलासपुर को मिलेगी बड़ी राहत: 75 करोड़ से बनेगा कोनी–मोपका फोरलेन बायपास, डिप्टी सीएम साव ने ठेकेदारों को सख्त चेतावनी

रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बिलासपुर जिले के कोनी (सेंदरी)–मोपका बायपास सड़क निर्माण परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के लिए कुल 75 करोड़ 73 लाख रुपये की निविदा स्वीकृत की गई है। इसके तहत 13.40 किलोमीटर लंबी फोरलेन सीमेंट कंक्रीट सड़क का निर्माण किया जाएगा।
राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्य को अनुबंधित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्य का संचालन और पर्यवेक्षण विभागीय मानकों के अनुसार ही किया जाएगा और इसे किसी अन्य एजेंसी को सब-लेट नहीं किया जा सकेगा। इसके साथ ही पावर ऑफ अटॉर्नी की अनुमति भी मान्य नहीं होगी।
सरकार ने ठेकेदार से कार्य प्रारंभ करने से पहले अतिरिक्त प्रदर्शन सुरक्षा (APS) के तहत एफडीआर जमा कराना अनिवार्य किया है, ताकि परियोजना में वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता बनी रहे।
इस बायपास के निर्माण से बिलासपुर शहर में यातायात दबाव कम होने और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन आसान होने की उम्मीद है।



