छत्तीसगढ़
Trending

बिलासपुर: सागौन लकड़ी की तस्करी रोकने पहुंचे वनकर्मियों पर कुल्हाड़ी से हमला, डिप्टी रेंजर गंभीर रूप से घायल

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के सेमरिया जंगल में रविवार रात सागौन लकड़ी की तस्करी रोकने पहुंचे वनकर्मियों पर तस्करों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वन विकास निगम के डिप्टी रेंजर अरविंद बंजारे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले कोटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है।

सूचना मिलने पर रात 8 बजे वन विभाग की टीम सेमरिया बीट के जंगल में सर्चिंग के लिए रवाना हुई थी। रात करीब 12 बजे टीम को तस्करों की गतिविधि नजर आई, जब वे ट्रैक्टर से पिकअप में सागौन लकड़ी लोड कर रहे थे। वनकर्मियों ने घेराबंदी कर तस्करों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तभी तस्करों ने कुल्हाड़ी, रॉड और लाठियों से हमला कर दिया।

हमले के दौरान अधिकांश वनकर्मी जान बचाकर भाग निकले, लेकिन डिप्टी रेंजर अरविंद बंजारे जंगल में ही छूट गए। तस्करों ने उन्हें पकड़कर बेरहमी से पीटा और गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गए। कुछ देर बाद टीम के अन्य सदस्य उन्हें घायल अवस्था में खोजते हुए पहुंचे और अस्पताल ले गए।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मौके से 17 सागौन के लट्ठे, एक ट्रैक्टर और एक पिकअप जब्त की गई। पुलिस ने वाहन के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। कोटा थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग ने बताया कि अज्ञात तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है।

वन विभाग के अधिकारियों ने इस हमले को गंभीर बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button