
रायपुर, 22 मई 2026। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और जांच एजेंसियों ने कथित गांजा तस्कर रवि साहू की 7 करोड़ 66 लाख रुपए की संपत्ति सीज़ कर दी है। प्रदेश में किसी गांजा तस्कर के खिलाफ इस स्तर की यह पहली बड़ी आर्थिक कार्रवाई मानी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, हिस्ट्रीशीटर रवि साहू के खिलाफ SAFEMA कोर्ट मुंबई के आदेश पर कार्रवाई की गई। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर कोर्ट ने आरोपी की कुल 16 संपत्तियों को सीज़ करने की अनुमति दी। जब्त संपत्तियों में जमीन, मकान और अन्य अचल संपत्तियां शामिल हैं।
जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी ने अवैध कमाई से अपने परिवार के नाम पर करोड़ों की संपत्ति अर्जित की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि रवि साहू ने पत्नी, बेटे और मां के नाम से भी कई प्रॉपर्टियां खरीदी थीं। अब इन सभी संपत्तियों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में नशे के कारोबार, सट्टेबाजी और अवैध गतिविधियों से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को चिन्हित कर जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार रवि साहू के खिलाफ कुल 55 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह रायपुर के कालीबाड़ी इलाके से कथित तौर पर गांजा तस्करी का नेटवर्क संचालित करता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का नेटवर्क प्रदेश के कई जिलों तक फैला हुआ था।
पुलिस ने संकेत दिए हैं कि सीज़ की गई संपत्तियों की नीलामी प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



