ऑनलाइन सट्टा ऐप ‘थ्री स्टम्प्स’ केस में बड़ा खुलासा : मास्टरमाइंड बाबू खेमानी के फूफेरा भाई समेत 2 गिरफ्तार, 29 आरोपी अब तक गिरफ्तार

रायपुर। ऑनलाइन बेटिंग ऐप ‘थ्री स्टम्प्स’ से जुड़े बड़े सट्टा नेटवर्क का रायपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए एक और बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड गुलशन उर्फ बाबू खेमानी के फूफेरा भाई समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी अवैध सट्टे से कमाए गए पैसों को अपने बैंक खातों में लेते थे और बाद में कमीशन लेकर उसे मास्टरमाइंड बाबू खेमानी तक पहुंचाते थे।
सूत्रों के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था, जिसमें कॉल सेंटर आधारित नंबरों और कई बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
इससे पहले मुंबई के एक होटल से बाबू खेमानी को रंगे हाथों ऑनलाइन सट्टा चलाते हुए पकड़ा गया था। अब तक इस पूरे मामले में कुल 29 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध लेनदेन किया गया है। रायपुर पुलिस लगातार अन्य आरोपियों और नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।



