छत्तीसगढ़
Trending

बीजापुर से बड़ी खबर: कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में सुरक्षाबलों को ऐतिहासिक सफलता, 22 नक्सली ढेर, 18 शव बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल प्रभावित कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से नक्सलियों की मांद बने इस क्षेत्र में चल रहे ऑपरेशन के दौरान तड़के सुबह से मुठभेड़ जारी है, जिसमें अब तक 20 से 22 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। इनमें से 18 नक्सलियों के शव सुरक्षाबलों ने बरामद कर लिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, डीआरजी, कोबरा, सीआरपीएफ और एसटीएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला हुआ है और नक्सलियों को चारों ओर से घेरकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। यह ऑपरेशन नक्सलियों के खिलाफ अब तक के सबसे अहम अभियानों में से एक माना जा रहा है।

कर्रेगुट्टा को नक्सलियों का अंतिम गढ़ कहा जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में वर्दीधारी नक्सली जमा थे। सुरक्षाबलों ने इस पूरे इलाके को घेर रखा है और बारीकी से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों के पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं।

इस अभियान की गंभीरता और अहमियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि खुद सीआरपीएफ के डीजी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह दिल्ली से ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं छत्तीसगढ़ के एडीजी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा, सीआरपीएफ आईजी राकेश अग्रवाल और बस्तर आईजी पी. सुंदरराज मौके की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं और ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

माना जा रहा है कि यदि शाम तक ऑपरेशन इसी तेजी से चलता रहा, तो यह नक्सल मोर्चे पर अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक जीत साबित हो सकती है। सुरक्षाबलों के हौसले बुलंद हैं और पूरे इलाके में सर्चिंग अब भी जारी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button