सुशासन तिहार में बड़ा हादसा: कार्यक्रम के दौरान गिरा पीपल का पेड़, 2 बच्चों समेत 7 घायल

गरियाबंद। जिले के खरहरी गांव में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल के पास मौजूद एक विशालकाय पीपल का पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 2 बच्चों समेत 7 लोग घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम देखने के लिए कुछ लोग पेड़ पर चढ़े हुए थे। इसी दौरान अचानक पेड़ भरभराकर गिर पड़ा। पेड़ के नीचे और आसपास मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना के समय जिला कलेक्टर समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद थे। हादसे के तुरंत बाद कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सुशासन तिहार कार्यक्रम को तत्काल स्थगित करने के निर्देश दिए। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को रेस्क्यू कर गरियाबंद जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. हरीश चौहान ने बताया कि कुछ घायलों के हाथ और पैर में फ्रैक्चर आया है, जबकि अन्य को मामूली चोटें लगी हैं। सभी का इलाज जारी है।
हादसे के बाद प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और पेड़ों की स्थिति की जांच शुरू कर दी है।



