कॉल न उठाने पर भड़का B.Ed छात्र का गुस्सा : प्रेमिका का गला दबाकर की हत्या, एम्बुलेंस बुलाने पर खुला पूरा मामला

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बीएड की पढ़ाई कर रहे एक छात्र ने अपनी ही प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने युवती को बेहोश समझकर खुद 108 एंबुलेंस को कॉल कर दिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, मृतका उनेश्वरी वर्मा (25) खैरागढ़ जिले की रहने वाली थी और दुर्ग के बीएम कॉलेज में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। वह पिछले दो साल से किराए के मकान में रह रही थी।
आरोपी कार्तिक राम साहू (27) बालोद जिले का निवासी है और वही कॉलेज में उसका सहपाठी था। दोनों के बीच लंबे समय से संपर्क था।
पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच मोबाइल कॉल न उठाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसी बात पर नाराज होकर आरोपी उसे अपने किराए के कमरे में ले गया, जहां बहस बढ़ने पर उसने गुस्से में आकर उसका गला दबा दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने युवती को बेहोश समझकर 108 एंबुलेंस को फोन किया। मौके पर पहुंची टीम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
परिजनों के अनुसार, मृतका परिवार में इकलौती बेटी थी और पढ़ाई के लिए दुर्ग में रह रही थी। परिवार को उसके संबंधों की कोई जानकारी नहीं थी।
पुलिस अब डिजिटल साक्ष्य और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



