छत्तीसगढ़
Trending

Bangladeshi Family Busted in Raipur: फर्जी दस्तावेजों के सहारे सालों से रह रहा था परिवार, अंडा ठेले की आड़ में छिपाई थी असली पहचान

रायपुर, 14 जून 2025 राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी परिवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह परिवार बीते कई वर्षों से फर्जी दस्तावेजों के सहारे रायपुर में जीवन यापन कर रहा था और अंडा ठेले का व्यवसाय कर अपनी पहचान छिपा रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टिकरापारा थाना अंतर्गत धर्मनगर इलाके में किराए के मकान में रह रहे मोहम्मद दिलावर खान और उसकी पत्नी परवीन बेगम को उनके बच्चों के साथ गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि यह परिवार मूलतः बांग्लादेश के मुंशीगंज थाना क्षेत्र के मुख्तारपुर गांव का निवासी है।

बताया जा रहा है कि यह परिवार लंबे समय से भारतीय नागरिकों की तरह रह रहा था और उसने फर्जी दस्तावेज तैयार कर स्थानीय पहचान भी बना ली थी। टिकरापारा पुलिस की सक्रियता से मामले का खुलासा हुआ।

गौरतलब है कि हाल ही में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने प्रदेश के सभी जिलों में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान करने के लिए एक स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के गठन की घोषणा की थी। इसी निर्देश के तहत जिले में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है और लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि उक्त परिवार को किन स्थानीय लोगों ने संरक्षण दिया, और किन दस्तावेजों के आधार पर वह अब तक यहां रह रहा था। संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और विदेशी नागरिक कानून के अंतर्गत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि राज्य में कानून व्यवस्था को और सशक्त बनाया जा सके।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button