भोरमदेव महोत्सव में अनुज शर्मा की सुरमयी प्रस्तुति: हज़ारों की भीड़ ने उठाया आनंद, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मंत्रमुग्ध

कबीरधाम, 04 अप्रैल 2025 भोरमदेव महोत्सव के समापन दिवस पर छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार और पद्मश्री सम्मानित धरसींवा विधायक अनुज शर्मा की शानदार प्रस्तुति देखने को मिली। उनकी सुरीली आवाज़ और संगीतमय अंदाज ने पूरे कबीरधाम जिले को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अनुज शर्मा के लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गीत “आरुग हे कलशा दाई” पर पूरा भोरमदेव झूम उठा। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी संगीत का आनंद लेते नजर आए। महोत्सव में राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडे, कबीरधाम भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और भारी संख्या में श्रद्धालु व दर्शक मौजूद रहे।
भोरमदेव महोत्सव : संस्कृति और पर्यटन का संगम
भोरमदेव मंदिर के ऐतिहासिक, पुरातात्विक और सांस्कृतिक महत्व को बनाए रखने के उद्देश्य से पिछले 30 वर्षों से इस महोत्सव का आयोजन हो रहा है। यह महोत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित करने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा दे रहा है। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोक कला और परंपराओं के प्रदर्शन ने यहां आए दर्शकों को छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक दी।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच इस महोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को संजोने वाले इस आयोजन ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ की संस्कृति को जीवंत कर दिया।