छत्तीसगढ़रायपुर
Trending

रायपुर के स्टील प्लांट में आग का तांडव: टर्बाइन लीकेज से भड़की लपटें, दूर-दूर तक दिखा काला धुआं

रायपुर, 02 जून 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आरंग क्षेत्र स्थित मंदिर हसौद के मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे प्लांट में आग लगने की सूचना मिली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और प्लांट के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल की ओर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की निगरानी में आग बुझाने का अभियान चलाया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

तहसीलदार विनोद साहू ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटना के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

वहीं, मंदिर हसौद थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्लांट के भीतर टर्बाइन लीकेज होने के कारण आग लगी थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल प्रशासन आग से हुए नुकसान और तकनीकी कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button