तपिश के बीच मौसम मेहरबान: 5 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट, तेज हवाएं चलेंगी, तापमान में 2-3° गिरावट के संकेत

रायपुर, 29 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 2 से 3 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और गिरावट हो सकती है।
प्रदेश में अगले 5 दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। इससे गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन तेज अंधड़ लोगों के लिए परेशानी भी बन सकता है।
तापमान की बात करें तो दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल 2-3 दिन तक यही स्थिति बनी रह सकती है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में सुबह आसमान साफ रहने के बाद दोपहर या शाम तक बादल छाने की संभावना है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने का अनुमान है।
मौसम बदलने की वजह
पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तर तेलंगाना और उत्तर भारत से पूर्वोत्तर तक बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव आया है। इसी कारण आंधी और बारिश की गतिविधियां सक्रिय हो रही हैं।
फिलहाल लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं, लेकिन बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



