केशकाल घाट पर 10 से 25 नवंबर तक सड़क मरम्मत कार्य, वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित

कोण्डागांव। जिले के केशकाल घाट पर 10 नवंबर से 25 नवंबर तक सड़क नवीनीकरण और मरम्मत कार्य के चलते इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। एसडीएम केशकाल द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर यात्रियों और मालवाहकों के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है।

शनिवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर और एएसपी रूपेश डांडे ने रूट डायवर्सन प्लान की जानकारी दी। बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के केशकाल घाटी के कि.मी. 162.600 से कि.मी. 167.000 तक कांक्रीटिंग और डामरीकरण का कार्य किया जाएगा। यातायात के सुचारु संचालन हेतु निम्न वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं:
यात्री बसों के लिए मार्ग
रायपुर और जगदलपुर के बीच आवागमन करने वाले वाहनों के लिए जगदलपुर-कोण्डागांव-केशकाल (विश्रामपुरी चौक)-विश्रामपुरी-मचली-गोविंदपुर-दुधावा-कांकेर-धमतरी-रायपुर मार्ग निर्धारित है।
दो पहिया, चार पहिया सवारी वाहन एवं इमरजेंसी वाहन
रायपुर की ओर से आने वाले वाहन रायपुर-धमतरी-कांकेर-केशकाल घाट होते हुए कोण्डागांव-जगदलपुर जा सकेंगे। वहीं, जगदलपुर की ओर से आने वाले वाहन जगदलपुर-कोण्डागांव-केशकाल (बटराली)-रांधा-उपरमुरवेण्ड-मुरनार-NH-30-कांकेर-धमतरी-रायपुर का मार्ग ले सकेंगे।
मालवाहक और भारी वाहन के लिए मार्ग
जगदलपुर से रायपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन जगदलपुर-कोण्डागांव-केशकाल (विश्रामपुरी चौक)-विश्रामपुरी-मालगांव (कौंदकेरा नाका)-बोरई-नगरी-दुगली-कुरुद-रायपुर का मार्ग ले सकते हैं। इसी प्रकार रायपुर और राजनांदगांव से आने वाले वाहन रायपुर-धमतरी-कांकेर-भानुप्रतापपुर-अंतागढ़-नारायणपुर-कोण्डागांव-जगदलपुर मार्ग का उपयोग करेंगे।
नारायणपुर/रावघाट से भारी वाहन
नारायणपुर और रावघाट से आने वाले भारी वाहन नारायणपुर-रावघाट-अंतागढ़-भानुप्रतापपुर-कांकेर-दल्लीराजहरा-राजनांदगांव-धमतरी-रायपुर मार्ग से यात्रा करेंगे।
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का पालन करने की अपील की है। इस अवधि में 24 घंटे पुलिस पेट्रोलिंग और चेक पोस्ट पर चिकित्सकीय टीम उपलब्ध रहेगी। कार्य पूर्ण होने के बाद घाट पर पुनः यातायात सुचारु कर दिया जाएगा।



