छत्तीसगढ़
Trending

दुर्ग में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या: सगा चाचा निकला आरोपी – फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मामला

दुर्ग। दुर्ग जिले में 6 साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बच्ची की रेप के बाद हत्या की गई थी और यह जघन्य वारदात किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही सगे चाचा ने की थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची की गला दबाकर हत्या की और फिर पड़ोसी को फंसाने के लिए उसकी लाश कार में छिपा दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को पहले से जानकारी थी कि पड़ोसी की कार का एक दरवाजा खराब है, इसी का फायदा उठाकर उसने बच्ची का शव उसमें रख दिया। आरोपी को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा। साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया कि कार मालिक इस पूरे मामले में निर्दोष है।

आक्रोशित भीड़ ने लगाई आग, उपद्रवियों पर होगी कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और कार मालिक के घर व वाहनों में आगजनी कर दी। इस संबंध में एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के जरिए कर ली गई है, जल्द ही उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नवरात्रि के अंतिम दिन लापता हुई थी बच्ची

जानकारी के अनुसार, नवरात्रि के अंतिम दिन कन्या भोज के लिए बच्ची सुबह 9 बजे घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद घर के पास पार्क में खड़ी एक कार की डिक्की से उसका शव मिला। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान, मुंह-नाक से खून और पैर मुड़े हुए थे, जिससे उसके साथ अत्याचार की पुष्टि होती है।

पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार, सुरक्षा के बीच हुआ विदाई

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद परिजनों को सौंपा गया। भारी सुरक्षा के बीच बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों में गम और गुस्से का माहौल देखने को मिला।

मंत्री टंकराम वर्मा ने की कड़ी निंदा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने घटना पर गहरा शोक जताया और कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज को झकझोर देती हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

पुलिस जांच जारी, हर पहलू की गहन जांच

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। प्रशासन और पुलिस ने आम जनता से संयम बनाए रखने की अपील की है।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button