अगरबत्ती से कुदरगढ़ मंदिर में लगी भीषण आग, श्रद्धालुओं में मचा हड़कंप; अग्निशमन यंत्र नहीं होने से बढ़ा खतरा

सूरजपुर, 22 मई 2026// सूरजपुर जिले के घने जंगलों के बीच स्थित प्रसिद्ध कुदरगढ़ देवी धाम में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। मंदिर परिसर में आग लगते ही श्रद्धालुओं और पुजारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मंदिर प्रांगण के बाहर श्रद्धालुओं द्वारा जलाई गई अगरबत्तियों से आग भड़की, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि नारियल फोड़ने वाले स्थान के पास बड़ी संख्या में श्रद्धालु अगरबत्ती जलाते हैं। शुक्रवार को भी रोज की तरह श्रद्धालु मां भगवती पार्वती के दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अगरबत्तियों से निकली चिंगारी ने आसपास के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलते हुए ज्योति कलश भवन तक पहुंच गई, जिससे मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया।
घटना के दौरान सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आई कि मंदिर परिसर में आग बुझाने के लिए पर्याप्त अग्निशमन यंत्र मौजूद नहीं थे। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना मिलने के बाद प्रशासन और दमकल टीम मौके पर पहुंची।
कुदरगढ़ देवी धाम को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। मान्यता है कि यह स्थान मां भगवती पार्वती की तपस्थली रहा है, जहां उन्होंने शक्ति स्वरूप धारण कर राक्षसों का संहार किया था। करीब 400 वर्ष पहले राजा बालंद ने यहां माता बागेश्वरी की स्थापना करवाई थी। बाद में चौहान वंश ने मंदिर की देखरेख संभाली और आज भी नवरात्रि की पहली आरती चौहान वंश के वंशजों द्वारा की जाती है।



