छत्तीसगढ़

कोरबा के करतला में 9 हाथियों की मौजूदगी: वन विभाग ने हाथी मित्र दल को किया सक्रिय, ड्रोन से रखी जा रही नजर

कोरबा, 17 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के करतला वन मंडल में जंगली हाथियों के एक दल की मौजूदगी से वन विभाग अलर्ट हो गया है। जंगल में करीब 9 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इसे देखते हुए वन विभाग की टीम गांव-गांव पहुंचकर लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी करा रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील कर रही है।

वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि वे सावधानी बरतें और जंगल की ओर जाने से बचें। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

शाम के बाद जंगल जाने से बचें

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे शाम होने के बाद जंगल की ओर न जाएं। खेतों में अकेले रहने से बचें और बच्चों को जंगल के आसपास न जाने दें। इसके अलावा हाथियों के करीब जाकर सेल्फी लेने या वीडियो बनाने पर भी सख्त मनाही की गई है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों को देखकर उनके नजदीक जाने या उन्हें परेशान करने की कोशिश न करें।

ड्रोन से निगरानी, हाथी मित्र दल सक्रिय

हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ड्रोन कैमरे की मदद ले रहा है। साथ ही हाथी मित्र दल को भी सक्रिय कर दिया गया है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की स्थिति पर नजर रख रही है, ताकि हाथियों की आवाजाही की जानकारी समय पर ग्रामीणों तक पहुंचाई जा सके।

निगरानी टीम में डिप्टी रेंजर केशव सिदार, बीएफओ प्रतीक तिवारी, शेखर कंवर, दीपक कुजूर, कपिल कंवर, परमेश्वर बंजारे और मिलाप कंवर शामिल हैं।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे मुनादी के निर्देशों का पालन करें और हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर सतर्क रहें। सुरक्षा के लिए हाथियों से उचित दूरी बनाए रखें और किसी भी स्थिति में उनके करीब जाने का जोखिम न उठाएं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button