अपराधछत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर में शादी समारोह के दौरान साली के चरित्र पर लगाया लांछन, तनाव में आकर महिला ने लगाई आग; मौत के मामले में जीजा गिरफ्तार

बिलासपुर, 16 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में 28 वर्षीय महिला की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके जीजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के अनुसार, मुंगेली जिले में एक शादी समारोह के दौरान महिला के चरित्र पर लांछन लगाकर विवाद किया गया था। इस घटना से महिला मानसिक तनाव में आ गई थी। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया है।

इलाज के दौरान हुई थी महिला की मौत

पुलिस के मुताबिक, भगवानपाली निवासी गीताराय ने वर्ष 2024 में अपनी मर्जी से सतीश कुमार राय से विवाह किया था। 18 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे उसने खुद को आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मल्हार चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।

शादी समारोह में हुआ था विवाद

जांच में सामने आया कि गीताराय अपने पति के साथ 15 और 16 अप्रैल को मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरछा गई थी। वहां वह अपने मामा कृष्ण बंजारे के घर आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने पहुंची थी। इसी दौरान उसके जीजा विनेत जोगी ने उसके चरित्र पर टिप्पणी करते हुए विवाद किया था।

पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने मृत्यु पूर्व कथन में इस विवाद के कारण मानसिक तनाव में आने की बात कही थी।

साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी

मल्हार चौकी प्रभारी एसआई अवधेश सिंह के मुताबिक, पुलिस ने मृत्यु पूर्व कथन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अस्पताल के बेडहेड टिकट, घटनास्थल निरीक्षण और गवाहों के बयान के आधार पर जांच की। जांच में आरोपी की भूमिका सामने आने के बाद उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया और फिर गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी विनेत जोगी (44), पिता गोरेलाल जोगी, ग्राम टिकारी, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण से संबंधित BNS की धारा 108 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की जांच और न्यायालयीन प्रक्रिया जारी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button