छत्तीसगढ़रायपुर

‘रंग संगीत-चैप्टर 6’ में सजा सुरों का दरबार: हिंदी-उर्दू-छत्तीसगढ़ी गीतों का संगम, निलेश जोगी की टीम ने जमाया रंग

रायपुर, 5 अक्टूबर। संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के विशेष सहयोग से श्री साईंनाथ फाउंडेशन द्वारा राजधानी रायपुर में ‘रंग संगीत-चैप्टर 6’ का सफल आयोजन किया गया। शाम 5 बजे से शुरू हुआ यह सांस्कृतिक आयोजन देर रात 12 बजे तक चला। कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे कलाकारों, साहित्यकारों और संगीत प्रेमियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, राज्य केश शिल्पी बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास, संस्कृति एवं राजभाषा विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे और वरिष्ठ साहित्यकार मीर अली मीर की गरिमामयी उपस्थिति रही।

‘हुनर के मंच’ पर युवा कलाकारों ने दिखाया हुनर

कार्यक्रम के पहले सत्र ‘हुनर के मंच’ में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे युवा कलाकारों ने कविता, संगीत और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की रचनात्मकता और शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

‘गीत त्रिवेणी’ में हिंदी, उर्दू और छत्तीसगढ़ी गीतों का संगम

दूसरे सत्र ‘गीत त्रिवेणी’ में हिंदी, उर्दू और छत्तीसगढ़ी गीतों का खूबसूरत संगम देखने को मिला। गोपालगंज, बिहार से आईं कवयित्री सान्या राय ने अपने गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। वहीं सीतामढ़ी के शायर मुरारी मंडल ने अपनी गजलों से महफिल में समां बांध दिया। छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गीतकार मिनेश कुमार ने लोकगीतों की प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ी बोली और लोकसंस्कृति की मिठास से दर्शकों को रूबरू कराया।

निलेश जोगी और टीम की लोकगायन प्रस्तुति ने बांधा समां

कार्यक्रम के अगले चरण में जांजगीर से आए युवा लोक गायक निलेश जोगी और उनकी टीम ने शानदार लोकसंगीत प्रस्तुत किया। लोकधुनों और पारंपरिक रंगों से सजी उनकी प्रस्तुति ने ऐसा माहौल बनाया कि श्रोता झूमने पर मजबूर हो गए। उनकी प्रस्तुति ने आयोजन को विशिष्ट सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।

कलाकारों का सम्मान, अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के अंतिम सत्र में अतिथियों ने आयोजन में शामिल कलाकारों और साहित्यकारों का सम्मान किया। संस्था के संस्थापक आशीष राज सिंघानिया ने भी अपने संबोधन के माध्यम से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा ने कलाकारों और साहित्यकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी कलाकार अच्छा लिख और प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने कलाकारों को अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अलग धुन, तरन्नुम और प्रस्तुति के विशिष्ट अंदाज के जरिए कलाकार खुद को भीड़ से अलग स्थापित कर सकते हैं और कई सितारों के बीच ध्रुव तारे की तरह चमक सकते हैं।

अन्य अतिथियों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में ऐसे मंचों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कलाकारों को निरंतर सृजन और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।

आभार के साथ हुआ आयोजन का समापन

कार्यक्रम के समापन पर श्री साईंनाथ फाउंडेशन की सदस्या आंचल पाण्डेय ने सभी अतिथियों, कलाकारों, साहित्यकारों, सहयोगियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही ‘रंग संगीत-चैप्टर 6’ के सफल समापन की घोषणा की गई।

पूरे कार्यक्रम का विभिन्न सत्रों में संचालन हर्षराज हर्ष, भावेश देशमुख और अभिषेक पाण्डेय ने किया। साहित्य, संगीत, कला और लोक संस्कृति को एक मंच पर लाने वाला यह आयोजन कलाकारों और कला-साहित्य प्रेमियों के लिए यादगार सांस्कृतिक संध्या बनकर सामने आया।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button