छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन तेज बारिश का अलर्ट : बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का असर, कोरबा में घरों में घुसा पानी

रायपुर, 30 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा सिस्टम समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके अगले 48 घंटे में और मजबूत होने तथा पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ने की संभावना है। इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है।

कोरबा में उफना दादर नाला, स्कॉर्पियो पानी में डूबी

बारिश के बीच कोरबा में दादर नाला उफान पर आ गया। शनिवार सुबह नाला पार करते समय एक स्कॉर्पियो तेज बहाव में फंसकर पानी में डूब गई। वाहन में सवार तीन दोस्तों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। करीब आधे घंटे बाद स्कॉर्पियो को भी पानी से बाहर निकाल लिया गया।

वहीं कनकी-सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर SECL कुसमुंडा की डंपिंग का मलबा बहकर सड़क पर आ गया। इससे पूरा रास्ता मिट्टी और कीचड़ से भर गया। इसी दौरान एक कार और यात्री बस मलबे में फंस गई। कार काफी हद तक मिट्टी में दब गई, जबकि बस के पहिए फंस गए। राहत की बात रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

घरों में घुसा गंदा पानी, कई इलाकों में जलभराव

कोरबा शहर के कई इलाकों में बारिश के बाद जलभराव की स्थिति बन गई। अमरैया पारा में लोगों के घरों और किचन तक गंदा पानी पहुंच गया। चिमनी भट्टा इलाके में भी घरों और दुकानों के बाहर पानी जमा हो गया।

शारदा विहार अटल आवास में 12 से ज्यादा घरों में जलभराव की स्थिति सामने आई। लगातार बारिश के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मैनपाट में नदी में बहे युवक की मौत, युवती को बचाया गया

इधर सरगुजा के मैनपाट घूमने आए युवक-युवती हादसे का शिकार हो गए। दोनों बाइक समेत घुनघुट्टा नदी के तेज बहाव में बह गए। उनकी आवाज सुनकर एक स्थानीय व्यक्ति रस्सी लेकर मौके पर पहुंचा।

रेस्क्यू के दौरान करीब एक किलोमीटर दूर तक बह चुकी युवती को रस्सी फेंककर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन युवक तेज बहाव में बह गया और डूब गया। उसकी तलाश की जा रही है।

अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।

बारिश के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खुले स्थानों, बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की गई है।

रायपुर में बादल छाए रहेंगे, बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में 30 अगस्त को सामान्य रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर में अधिकतम तापमान करीब 27°C और न्यूनतम तापमान करीब 24°C रहने का अनुमान है।

अंबिकापुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 28.9°C दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22°C रहा।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से करीब 4% कम है। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से बारिश के आंकड़ों में सुधार होने की संभावना है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button