CG Weather Update: मानसून की दस्तक से बदला मौसम, अगले 5 दिनों तक बारिश के आसार; गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट

रायपुर, 18 जून 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं, जिससे जल्द ही प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मानसून सक्रिय हो सकता है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं दुर्ग में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन जिलों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग में सर्वाधिक 3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा जशपुरनगर में 2 सेंटीमीटर, एमसीबी जिले के केल्हारी में 1 सेंटीमीटर, जशपुर के मनोरा में 1 सेंटीमीटर तथा बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में 1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
सक्रिय हैं कई मौसम प्रणालियां
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक समुद्र तल पर एक मौसमी द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश से पूर्वी मध्यप्रदेश, पूर्वी विदर्भ और तेलंगाना होते हुए दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश तक एक अन्य द्रोणिका सक्रिय है। वहीं पूर्वी विदर्भ और दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। साथ ही गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
अगले दो दिनों का पूर्वानुमान
अगले दो दिनों में भी प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की स्थिति बनी रह सकती है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में गुरुवार को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चल सकता है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली चमकने के समय खुले मैदानों से दूर रहने की अपील की है।



