धरसींवा में हाईटेक SMC मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन, मुख्यमंत्री के साथ पद्मश्री अनुज शर्मा ने साझा किया मंच

धरसींवा, 29 मई 2025। धरसींवा में नवनिर्मित SMC मल्टी स्पेशलिटी निजी हॉस्पिटल का आज भव्य लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्थानीय विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल का अवलोकन कर वहां उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली और डॉक्टरों व स्टाफ से चर्चा की। उन्होंने नागरिकों और अस्पताल प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “SMC हॉस्पिटल सिर्फ इलाज का केंद्र नहीं, बल्कि भरोसे और संवेदना का प्रतीक है। यह धरसींवा ब्लॉक के नागरिकों को अपनों के बीच विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान करेगा।”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा, “यह अस्पताल धरसींवा विधानसभा की जनता के लिए उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं का एक नया केंद्र बनेगा। निश्चित रूप से इससे क्षेत्र के नागरिकों को लाभ मिलेगा और उन्हें समय पर सही उपचार मिल सकेगा।”
लोकार्पण समारोह में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, अस्पताल प्रबंधन और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी विशिष्टजनों ने अस्पताल की पूरी टीम को बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



