धरसींवा में मनी रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती, महिला सम्मान संगोष्ठी में अनुज शर्मा ने की शिरकत

धरसींवा, 27 मई 2025 जनपद पंचायत धरसींवा में आज मराठा साम्राज्य की प्रख्यात महारानी देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर महिला सम्मान एवं संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के लाडले विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने कार्यक्रम में शामिल होकर नारी शक्ति को नमन किया और उन्हें सम्मानित किया।
विधायक अनुज शर्मा ने रानी अहिल्याबाई होलकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे मराठा शासन की एक कुशल प्रशासक और आदर्श शासक थीं। माहेश्वर को राजधानी बनाकर शासन करते हुए उन्होंने जनकल्याण, निर्माण कार्यों और सामाजिक सुधारों के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान दिया। वे कन्याकुमारी से हिमालय तक मंदिरों, घाटों, धर्मशालाओं, भोजनालयों, जल संरचनाओं का निर्माण कर भारतीय संस्कृति को सुदृढ़ करती रहीं। उन्होंने विधवाओं के अधिकारों के लिए भी ठोस पहल की और समाज में शांति तथा स्थायित्व की मिसाल पेश की।

शर्मा ने बताया कि अहिल्याबाई होलकर के सम्मान में भारत सरकार ने 25 अगस्त 1996 को डाक टिकट भी जारी किया था और उनके नाम पर एक राष्ट्रीय पुरस्कार भी स्थापित किया गया है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से चंद्रकांति वर्मा, सविता चंद्राकर, शकुंतला ढिलेन्द्र सेन, दिनेश खुटे, राकेश यादव, कृष्ण कुमार वर्मा, सुनील शर्मा, भारत सोनी, हरिशंकर वर्मा, रामखिलावन वर्मा समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं को विधायक अनुज शर्मा द्वारा सम्मानित किया गया और उनके योगदान की सराहना की गई।



