बिलासपुर में गाउन और मुखौटा पहनकर चोरी, जयरामनगर की ज्वेलरी शॉप से लाखों के गहने ले उड़े चोर

बिलासपुर, मस्तूरी। जिले के जयरामनगर क्षेत्र में रविवार रात एक ज्वेलरी शॉप में गाउन और कार्टून वाला मुखौटा पहनकर पहुंचे चोरों ने धावा बोलते हुए लाखों रुपए के गहनों की चोरी कर ली। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पांच चोर दुकान का शटर तोड़ते और बोरे में गहने भरकर ले जाते नजर आ रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोटमीसोनार निवासी संजय सोनी रोजाना की तरह रविवार देर शाम अपनी ज्वेलरी दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह स्थानीय लोगों ने शटर टूटा देखा और तुरंत सूचना व्यापारियों व पुलिस को दी। मस्तूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
गाउन पहनकर और मुखौटा लगाकर पहुंचे चोर
सीसीटीवी फुटेज में चोर गाउन और कार्टून कैरेक्टर वाले मुखौटे पहनकर वारदात को अंजाम देते दिखे। उन्होंने दुकान के अंदर रखे गहनों को बोरी में भरा और फरार हो गए। पुलिस को शक है कि चोर गिरोह ने पहचान छिपाने के लिए महिला परिधान और मुखौटा इस्तेमाल किया।
डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच
घटना के बाद पुलिस ने सर्च डॉग और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को मौके पर बुलाया है। चोरी गए गहनों की सटीक जानकारी जांच के बाद ही मिल पाएगी।
दुकानदार का दावा—लाखों की चोरी, पुलिस का कहना—नकली गहने थे
दुकानदार संजय सोनी का कहना है कि चोर लाखों के असली सोने-चांदी के गहने लेकर भागे हैं। वहीं, मस्तूरी टीआई हरीश तांडेकर का दावा है कि दुकान से केवल आधा किलो चांदी और कुछ नकली गहने चोरी हुए हैं। उनका कहना है कि संचालक रोज कीमती गहने अपने घर ले जाता था और दुकान में केवल दिखावे के लिए कुछ सामान छोड़ता था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।



