कोल लेवी सिंडिकेट में ड्राइवर की बड़ी भूमिका: नारायण साहू पर 5वां सप्लीमेंट्री चार्जशीट, ED भी कर रही जांच

रायपुर, 20 मई 2026। छत्तीसगढ़ के चर्चित अवैध कोल लेवी वसूली मामले में ACB-EOW ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी नारायण साहू के खिलाफ विशेष न्यायालय में 5वां पूरक अभियोग पत्र पेश किया है। करीब 1000 पन्नों के इस चालान में करोड़ों रुपए की अवैध वसूली और सिंडिकेट से जुड़े कई अहम खुलासे किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी नारायण साहू कारोबारी सूर्यकांत तिवारी का ड्राइवर था और जांच एजेंसियों के अनुसार वह अवैध कोल लेवी वसूली नेटवर्क का सक्रिय सदस्य रहा है। ACB-EOW ने उसके खिलाफ IPC की धारा 120बी, 420, 384, 467, 468, 471 समेत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत कोर्ट में चालान पेश किया है। फिलहाल आरोपी रायपुर सेंट्रल जेल में बंद है।
जांच एजेंसियों का दावा है कि नारायण साहू कोल व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों से अवैध नगदी वसूली कर उसे सिंडिकेट तक पहुंचाने का काम करता था। जांच में करीब 7.5 करोड़ रुपए की राशि के ट्रांसफर और प्रबंधन से जुड़े सबूत मिलने की बात कही गई है।
ED की जांच में यह भी सामने आया कि जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच कोयला परिवहन पर प्रति टन 25 रुपए की अवैध वसूली की गई। एजेंसियों के मुताबिक इस पूरे रैकेट से करीब 540 करोड़ रुपए की अवैध कमाई हुई, जिसका इस्तेमाल नेताओं, अधिकारियों को रिश्वत देने, चुनावी खर्च और संपत्तियां खरीदने में किया गया।
अब तक ED इस मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि 35 आरोपियों के खिलाफ पांच अभियोजन शिकायतें दायर की जा चुकी हैं। मामले में आगे की जांच अभी जारी है।



