छत्तीसगढ़रायपुरस्वास्थ्य

रायगढ़ में 57 लोग HIV पॉजिटिव मिले: स्वास्थ्य मंत्री बोले- घबराएं नहीं, इलाज और दवाओं की पूरी व्यवस्था

रायपुर, 04 जून 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में विशेष जांच अभियान के दौरान 57 लोगों के HIV पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने से बचने की अपील की है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि केवल रायगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में HIV संक्रमण की पहचान और रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान जो लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं, उन्हें आवश्यक उपचार और परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के पास HIV संक्रमित मरीजों के इलाज और देखभाल के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। संक्रमित व्यक्तियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि समय पर उपचार और सावधानी बरतकर सामान्य जीवन जिया जा सकता है।

मंत्री जायसवाल ने युवाओं में बढ़ते नशे के चलन पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कुछ युवा नशीली दवाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं, जिस पर प्रशासन और पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। साथ ही उन्होंने समाज और परिवारों से भी जागरूकता बढ़ाने की अपील की ताकि संक्रमण और नशे जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि HIV की समय पर जांच और इलाज से संक्रमण को नियंत्रित किया जा सकता है। इसलिए लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और जागरूक रहने की आवश्यकता है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button