छत्तीसगढ़

CM साय का राहुल पर पलटवार: बोले- विदेशी ताकतों वाला आरोप बेबुनियाद, कांग्रेस मुद्दाविहीन; अमित शाह के दौरे पर भी दिया जवाब

रायपुर, 3 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बातों में अब कोई दम नहीं रह गया है। कांग्रेस और पूरा विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है। जब विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचता, तो वह इस तरह की फिजूल की बातें करके देश की जनता को भड़काने का प्रयास करता है, लेकिन जनता अब उनकी बातों में आने वाली नहीं है।

दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से चर्चा के दौरान राहुल गांधी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी ताकतों की मदद से प्रधानमंत्री बनने का आरोप लगाया था। सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है। इसलिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं।

अमित शाह के दौरे पर कांग्रेस को घेरा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर भी मुख्यमंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस तरह के सवाल पूछने का कोई अधिकार नहीं है। सीएम साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ाई नहीं लड़ी गई। कांग्रेस के असहयोगात्मक रवैये के कारण प्रदेश में नक्सलवाद लंबे समय तक पनपता रहा।

रिन्यूएबल एनर्जी एक्सपो में शामिल हुए सीएम साय

मुख्यमंत्री ने अपने दिल्ली दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि वे भारत मंडपम में आयोजित इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी एक्सपो 2026 में शामिल हुए थे। इस दौरान ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों और आधुनिक तकनीकों पर चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ भी इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रदेश में कुल ऊर्जा खपत का 15 प्रतिशत हिस्सा रिन्यूएबल एनर्जी से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

खैरा गांव के सभी घरों में लगे सोलर पैनल

सीएम साय ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत राजनांदगांव जिले के खैरा गांव के सभी घरों में सोलर पैनल लगाए गए हैं। यह गांव स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण बन रहा है।

ग्रीन एनर्जी में 1.33 लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में बड़े स्तर पर निवेश के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में 1 लाख 33 हजार करोड़ रुपये के निवेश से संबंधित कार्यों और करीब 5 लाख 60 हजार करोड़ रुपये के कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में निवेश से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button