राखड़ ईंट फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा: मशीन में दबकर महिला मजदूर की मौत, मुआवजे के बाद उठा शव

कोरबा, 19 मई 2026। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित प्रेम एंटरप्राइजेज राखड़ ईंट फैक्ट्री में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में महिला मजदूर की मौत हो गई। मशीन की सफाई के दौरान अचानक लीवर गिरने से महिला मशीन की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी जान चली गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया।
मृतिका की पहचान 26 वर्षीय बिछनी बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय बाद उसी दिन काम पर लौटी थी। दोपहर करीब 3 बजे फैक्ट्री में मशीन साफ करते समय यह हादसा हुआ। घटना के वक्त वहां चार से पांच मजदूर मौजूद थे।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने उचित मुआवजे की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया और स्थानीय जनप्रतिनिधि अरविंद भगत भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए।
करीब चार घंटे तक चली बातचीत के बाद फैक्ट्री संचालक प्रदीप अग्रवाल, ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सहमति बनी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
समझौते के तहत पीड़ित परिवार को तत्काल 75 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। साथ ही मृतिका के नाबालिग बेटे के नाम पर 2 लाख रुपये की एफडी कराने, उसके 18 वर्ष की आयु तक हर महीने 1500 रुपये भरण-पोषण राशि देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी।
मामले में पुलिस ने फैक्ट्री संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।



