छत्तीसगढ़

‘ओ ओ जाने जाना’ गाने पर रील, सड़क पर आतिशबाजी: नायब तहसीलदार का बिलासपुर में बर्थडे वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया केस

बिलासपुर, 26 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने का मामला सामने आया है। रायपुर जिले में पदस्थ नायब तहसीलदार विपिन पटेल का बिलासपुर के रिवर व्यू रोड पर जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में कार की डिक्की खोलकर केक काटने, बॉलीवुड गाने पर रील बनाने और आतिशबाजी की तैयारी करते हुए लोग नजर आ रहे हैं। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने संबंधित कार के मालिक और चालक के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शुरुआत में सोशल मीडिया पर इस वीडियो को रायपुर का बताया जा रहा था, लेकिन पुलिस की जांच में घटना बिलासपुर के रिवर व्यू रोड की निकली। नायब तहसीलदार विपिन पटेल की पोस्टिंग रायपुर जिले में होने के कारण इस घटना को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई थी।

कार की डिक्की खोलकर मनाया जन्मदिन

वायरल वीडियो में एक कार की डिक्की खुली दिखाई दे रही है, जिसमें केक और जन्मदिन से जुड़ा टैग रखा हुआ है। इस दौरान सलमान खान की फिल्म के चर्चित गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ पर रील भी बनाई गई। वीडियो में एक युवक सड़क पर आतिशबाजी की तैयारी करते हुए नजर आ रहा है।

बताया गया है कि जन्मदिन का यह सेलिब्रेशन सड़क पर कार खड़ी करके किया गया था। इससे सड़क से गुजरने वाले लोगों को परेशानी होने और दुर्घटना की आशंका पैदा होने की बात सामने आई है।

शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस के मुताबिक, बिलासपुर के सरजू बगीचा निवासी अमित साहू (35) ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1 बजे वह रिवर व्यू रोड से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर एक कार खड़ी करके जन्मदिन मनाया जा रहा था।

शिकायत के अनुसार, सड़क पर कार खड़ी होने से आवागमन बाधित हो रहा था और दुर्घटना होने की आशंका भी थी। अमित साहू ने इस संबंध में 23 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी थी।

इसके बाद पुलिस ने वाहन क्रमांक CG-04-NY-1910 के मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सड़क पर जन्मदिन मनाने के मामलों में हाईकोर्ट भी सख्त

सार्वजनिक सड़कों पर केक काटने, वाहन खड़े करके जश्न मनाने और यातायात बाधित करने की घटनाओं को लेकर हाईकोर्ट पहले भी सख्त निर्देश दे चुका है। कोर्ट ने ऐसे मामलों में कार्रवाई करने और दोषियों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के संबंध में राज्य सरकार और पुलिस को निर्देश दिए थे।

सड़क पर इस तरह के आयोजन से दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई के बाद यह मामला एक बार फिर सार्वजनिक सड़कों पर जन्मदिन मनाने और यातायात नियमों के पालन को लेकर चर्चा में है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button