छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के सेवारत शिक्षकों को बड़ी राहत: साल में 2 बार होगी विशेष TET परीक्षा, सरकार ने दी सहमति

रायपुर, 21 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के सेवारत शासकीय शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने विशेष टीईटी परीक्षा आयोजित करने के प्रस्ताव पर सहमति प्रदान कर दी है। इसके तहत अब सेवारत शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने के लिए साल में कम से कम दो बार परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विशेष टीईटी परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) के माध्यम से कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) पद्धति से आयोजित की जाएगी। शासन ने लोक शिक्षण संचालनालय को वर्ष में न्यूनतम दो बार परीक्षा आयोजित करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के बाद फैसला

यह निर्णय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सिविल अपील क्रमांक 1385/2025 में 1 सितंबर 2025 और पुनर्विचार याचिका में 29 मई 2026 को पारित आदेशों के अनुपालन में लिया गया है।

न्यायालय के निर्देशों के अनुसार, कक्षा पहली से आठवीं तक पढ़ाने वाले ऐसे सेवारत शिक्षकों, जिनकी सेवा अवधि पांच वर्ष या उससे अधिक शेष है, उनके लिए सेवा में बने रहने अथवा पदोन्नति के लिए निर्धारित स्तर की टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य है।

इसी के मद्देनजर लोक शिक्षण संचालनालय ने 24 सितंबर 2026 को राज्य शासन को विशेष टीईटी परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव भेजा था। सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

CBT पद्धति से होगी परीक्षा

शासन के निर्णय के अनुसार, परीक्षा निजी तकनीकी सेवा प्रदाता कंपनी के माध्यम से कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) पद्धति से आयोजित की जाएगी। परीक्षा एक से अधिक पालियों में हो सकती है। सभी पालियों के प्रश्नपत्रों का स्तर समान रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में एकरूपता और पारदर्शिता बनी रहे।

SCERT जारी करेगा प्रमाणपत्र

विशेष टीईटी परीक्षा में सफल होने वाले शिक्षकों को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), रायपुर की ओर से प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। सरकार के इस फैसले से सेवारत शिक्षकों को परीक्षा पास करने के लिए अतिरिक्त अवसर मिलेंगे। साथ ही, टीईटी उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता पूरी करने की दिशा में उन्हें राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्य बातें:

  • साल में न्यूनतम दो बार होगी विशेष टीईटी परीक्षा।
  • परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) पद्धति से आयोजित होगी।
  • कक्षा पहली से आठवीं तक के संबंधित सेवारत शिक्षकों पर लागू होंगे निर्देश।
  • पांच वर्ष या उससे अधिक सेवा शेष होने पर निर्धारित स्तर की टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य।
  • सफल शिक्षकों को SCERT, रायपुर प्रमाणपत्र जारी करेगा।
IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button