रायपुर में नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा: नाइट्रोसन-10 की 209 टैबलेट बरामद, सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी टीम

रायपुर, 19 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपियों के कब्जे से नाइट्रोसन-10 की 209 टैबलेट, एक स्कूटी और मोबाइल फोन समेत कुल 1 लाख 43 हजार 600 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे एक युवक स्कूटी में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
स्कूटी की डिक्की से मिलीं टैबलेट
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रोहित धरमवानी (27), निवासी पार्वती नगर, मुर्राभट्ठी, गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसकी स्कूटी की डिक्की से नाइट्रोसन-10 टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस ने दवाओं के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में दूसरे आरोपी का नाम आया सामने
पुलिस के अनुसार, रोहित ने पूछताछ में बताया कि उसने प्रतिबंधित टैबलेट फाफाडीह नाकापारा निवासी करण यादव (28) से प्राप्त की थीं। इसके बाद पुलिस ने तलाश कर करण यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान कुल 209 टैबलेट, स्कूटी क्रमांक CG 04 RC 5848 और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।
नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज
गंज थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 313/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स से संबंधित कानून की धारा 22(ख) में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को नशीली टैबलेट कहां से मिल रही थीं और वे इन्हें किन लोगों को बेचने वाले थे। मामले में सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।



