अपराधछत्तीसगढ़

मुंगेली में 3 मौतों के बाद भाग रहे थे आरोपी : रायगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर पकड़ाए, पुलिस बोली- खून साफ कर बोनट फेंका

रायपुर, 17 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के दशरंगपुर में तेज रफ्तार महिंद्रा वाहन की टक्कर से तीन लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को रायगढ़-ओडिशा बॉर्डर के पास से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए थे। उन्होंने खून के निशान मिटाने और वाहन की पहचान छिपाने के लिए बोनट तक तोड़कर फेंक दिया था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल महिंद्रा वीरों वाहन को जब्त कर लिया है।

सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को मारी टक्कर

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 6 से 6:15 बजे मुंगेली जिले के ग्राम दशरंगपुर के मुख्य मार्ग पर यह हादसा हुआ। सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को सफेद रंग के महिंद्रा वीरों वाहन क्रमांक WB 25 Z 5623 ने टक्कर मार दी।

हादसे में विधायक मोहले के भाई अधीनदास मोहले (65 वर्ष), बल्लू बघेल (56 वर्ष), दोनों निवासी दशरंगपुर, और गंगाराम टंडन निवासी भाठापारा (रेहुंटा), जिला मुंगेली की मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

विपरीत दिशा में तेज रफ्तार से वाहन चलाने का आरोप

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि वाहन चालक कथित तौर पर विपरीत दिशा में तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। पुलिस के मुताबिक, वाहन में सवार अन्य लोगों ने भी चालक को तेज गति से वाहन चलाने के लिए कहा था।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज किया गया। जांच के दौरान साक्ष्य मिटाने और आरोपियों की साझा भूमिका से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।

रायगढ़-ओडिशा बॉर्डर से चारों गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में जरहागांव पुलिस और मुंगेली साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी रायगढ़ से ओडिशा और पश्चिम बंगाल की ओर भाग रहे हैं। इसके बाद रायगढ़ पुलिस की साइबर टीम की मदद से ओडिशा बॉर्डर के पास वाहन को रोककर चालक समेत चारों आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

खून के निशान मिटाए, बोनट तोड़कर फेंका

पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपी 14 अक्टूबर को बकरी खरीदने के लिए मुंगेली आ रहे थे। 15 अक्टूबर की सुबह दशरंगपुर पहुंचने के दौरान वाहन नबजीत दास चला रहा था। उसके साथ अनंता विश्वास, कानु विश्वास और सौरव मल्लिक भी मौजूद थे।

पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए। इसके बाद वाहन पर लगे खून के निशान साफ किए गए और पहचान छिपाने के लिए बोनट तोड़कर फेंक दिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल वाहन जब्त कर साक्ष्य जुटाए हैं।

पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

  • नबजीत दास (24 वर्ष): वाहन चालक।
  • अनंता विश्वास (31 वर्ष): वाहन में सवार।
  • कानु विश्वास (57 वर्ष): वाहन में सवार।
  • सौरव मल्लिक (30 वर्ष): वाहन में सवार।

पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। उन्हें 16 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया और 17 अक्टूबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना जरहागांव पुलिस, मुंगेली साइबर टीम और रायगढ़ पुलिस की साइबर टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button