छत्तीसगढ़

ट्रैक तैयार, रैक पहुंचा और टाइम-टेबल भी जारी: रायपुर-रावघाट ट्रेन के लिए यात्री इंतजार में, रेलमंत्री का दौरा रद्द होने से अटका संचालन

रायपुर, 16 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों को नई ट्रेन सेवाओं के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने, ट्रैक तैयार होने, ट्रेन का रैक पहुंचने और समय-सारिणी जारी होने के बावजूद रायपुर-रावघाट और रायपुर-कुरुद ट्रेनें अब तक शुरू नहीं हो सकी हैं। दोनों ट्रेनों का उद्घाटन 12 अक्टूबर को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के हाथों होना प्रस्तावित था, लेकिन उनका रायपुर दौरा रद्द होने के बाद उद्घाटन टल गया।

मंजूरी मिली, तैयारियां पूरी फिर भी नहीं चली ट्रेन

रेलवे बोर्ड ने 10 अक्टूबर को ही दोनों ट्रेनों के परिचालन को मंजूरी दे दी थी। इसके बाद उद्घाटन और संचालन से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। 12 अक्टूबर को रेल मंत्री के रायपुर प्रवास के दौरान आरपीएफ के राइजिंग डे परेड में शामिल होने और रेलवे स्टेशन का दौरा करने का कार्यक्रम था। इसी दौरान दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाना था।

हालांकि, रेल मंत्री का कार्यक्रम रद्द होने के बाद दोनों ट्रेनों का परिचालन भी शुरू नहीं हो सका। अब रायपुर रेल मंडल ने रेलवे बोर्ड को दोबारा पत्र भेजकर पूछा है कि इन ट्रेनों को कब से चलाया जाए। फिलहाल परिचालन शुरू करने की नई तारीख घोषित नहीं हुई है।

रायपुर-रावघाट ट्रेन से इन यात्रियों को मिलेगी राहत

रायपुर-रावघाट रेल सेवा शुरू होने से दुर्ग, दल्लीराजहरा, ताड़ोकी और रावघाट सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राजधानी रायपुर आने-जाने का नया विकल्प मिलेगा। इससे नौकरी, कारोबार, पढ़ाई और इलाज के लिए सफर करने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

रेलवे की जारी समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन सुबह 6:30 बजे रावघाट से रवाना होकर सुबह 7 बजे ताड़ोकी, 8:25 बजे दल्लीराजहरा और 11:30 बजे दुर्ग पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 1:05 बजे रायपुर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन दोपहर 1:20 बजे रायपुर से रवाना होगी। यह दोपहर 2:30 बजे दुर्ग, शाम 4:35 बजे दल्लीराजहरा और 6:25 बजे ताड़ोकी पहुंचेगी। ट्रेन के शाम 7 बजे रावघाट पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है। प्रस्तावित समय-सारिणी के मुताबिक, यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होनी है।

रायपुर-कुरुद ट्रेन का भी इंतजार

रायपुर-कुरुद ट्रेन को भी 12 अक्टूबर को रेल मंत्री के हाथों हरी झंडी दिखाई जानी थी। इसके लिए भी रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिल चुकी थी। लेकिन मंत्री का दौरा रद्द होने के बाद यह सेवा भी शुरू नहीं हो सकी।

दोनों ट्रेनों के लिए बुनियादी तैयारियां पूरी होने के बावजूद परिचालन शुरू नहीं होने से यात्रियों को निराशा हो रही है। अब सभी की नजर रेलवे बोर्ड के जवाब और नई तारीख की घोषणा पर है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button